सुधीर फिटनेस में बॉडी वेट प्रतियोगिता का आयोजन, युवाओं ने दिखाया दमखम।

सुधीर फिटनेस में बॉडी वेट प्रतियोगिता का आयोजन, युवाओं ने दिखाया दमखम विभिन्न भार वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी व अंगवस्त्र देकर किया गया सम्मानित, युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना उद्देश्य जखनियां (गाजीपुर)जखनियां तहसील अंतर्गत जखनियां बाजार के पावर हाउस रोड स्थित सुधीर फिटनेस में रविवार को बॉडी वेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी शारीरिक क्षमता, मेहनत और फिटनेस का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उन युवाओं की विशेष भागीदारी रही, जो नियमित रूप से सुधीर फिटनेस सेंटर में वर्कआउट कर अपनी शारीरिक फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग को बेहतर बनाने में जुटे हुए हैं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोतवाली भुड़कुड़ा के उपनिरीक्षक मोहम्मद सैफ एवं उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अलग-अलग भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया था, जिसमें 45 से 55 किलोग्राम, 55 से 65 किलोग्राम, 65 से 75 किलोग्राम तथा 75 से 85 किलोग्राम भार वर्ग शामिल रहे। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों एवं सुधीर फिटनेस के संचालक सुधीर पांडेय द्वारा ट्रॉफी और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपनिरीक्षक मोहम्मद सैफ एवं जयप्रकाश सिंह ने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। युवाओं को नशे और गलत संगत से दूर रहकर खेलकूद, व्यायाम एवं सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और आगे बढ़ने की भावना विकसित करती हैं।सुधीर फिटनेस के संचालक सुधीर पांडेय ने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को बॉडी बिल्डिंग और फिटनेस के क्षेत्र में बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीण अंचल में भी अनेक ऐसे युवा हैं, जिनमें प्रतिभा और आगे बढ़ने का जज्बा है। जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से फिटनेस सेंटर पर समय-समय पर इस तरह के आयोजन किए जाते हैं, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले और वे भविष्य में जनपद ही नहीं, बल्कि प्रदेश एवं देश स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकें।प्रतियोगिता में अमित, रवि राय, अभिषेक, सचिन, अभिषेक तिवारी सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सुधीर फिटनेस के संचालक सुधीर पांडेय, सेंटर के समस्त स्टाफ एवं ट्रेनरों की सक्रिय मौजूदगी रही। आयोजन के अंत में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।सुधीर फिटनेस की इस पहल को क्षेत्र में युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक मजबूती और खेल के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे आने और अपनी पहचान स्थापित करने का अवसर मिलेगा।