*खड़े डंपर से टकराई बाइक, बारात से लौट रहे युवक की हुई

*खड़े डंपर से टकराई बाइक, बारात से लौट रहे युवक की हुई मौत* संवाद सूत्र महदेवा बाज़ार । महदेवा बाजार में गुरुवार देर रात सड़क किनारे खड़े कोयला लदे डंपर से बाइक टकराने से एक युवक की मौत हो गई। युवक शादी समारोह से घर लौट रहा था। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम भक्ता (भैसही), संतकबीर नगर निवासी छोटेलाल (36) पुत्र मुराली अपने पट्टीदारी के एक विवाह समारोह में शामिल होने भैसा बाजार गए थे। देर रात करीब एक बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। महदेवा बाजार के पास सड़क किनारे खड़े डंपर में उनकी बाइक पीछे से जा भिड़ी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची सिकरीगंज पुलिस ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनही पहुंचाया। वहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। छोटेलाल पेशे से बढ़ई थे और मेहनत मजदूरी कर परिवार चलाते थे। वह चार भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में पत्नी संध्या और दो बेटियां सोना व मोना हैं। घटना के बाद पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि डंपर और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।