Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Prakash Pandey
Gorakhpurलगभग १ घंटा पहले

पीएन सेंट्रल एकेडमी में हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लिया हिंदी के सम्मान का संकल्प

पीएन सेंट्रल एकेडमी में हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लिया हिंदी के सम्मान का संकल्प

हिंदी हमारी संस्कृति और संस्कारों की पहचान घघसरा गोरखपुर । विकासखंड पाली क्षेत्र के पीएन सेंट्रल एकेडमी डोहरिया कला में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने हिंदी भाषा के महत्व और उसकी समृद्ध विरासत को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से रेखांकित किया।इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हिंदी के महत्व पर भाषण, कविता पाठ, निबंध वाचन एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हिंदी के सम्मान में कविताएं प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर हिंदीमय वातावरण से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिंदी शिक्षक काशी प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति और संस्कारों की पहचान है। यह केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं, भावनाओं और जीवन मूल्यों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने वाली भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करने तथा अपनी भाषा पर गर्व करने का आह्वान किया।वहीं विनय मिश्रा ने कहा कि हिंदी हमारी भावनाओं और विचारों को सहजता से व्यक्त करने वाली भाषा है। आज के आधुनिक दौर में अन्य भाषाओं का ज्ञान हासिल करना जरूरी है, लेकिन अपनी मातृभाषा और संस्कृति के प्रति सम्मान बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।उन्होंने हिंदी दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को भारत संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। संविधान के अनुच्छेद 343 में संघ की राजभाषा हिंदी और उसकी लिपि देवनागरी निर्धारित की गई है। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति प्रेम, सम्मान और दैनिक जीवन में अधिक से अधिक हिंदी के प्रयोग का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments0 shares