पूर्वांचल जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने स्पीड ब्रेकरों पर बनाया चेतावनी संकेत

चौरीचौरा गोरखपुर। सड़क सुरक्षा जैसी बुनियादी जिम्मेदारी निभाने में विभागीय तंत्र भले ही नाकाम साबित हुआ हो, लेकिन पूर्वांचल जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए वह काम कर दिखाया, जो जिम्मेदार विभागों को करना चाहिए था। सोनबरसा-फुटहवाइनार मार्ग पर बने तीन स्पीड ब्रेकरों पर चेतावनी संकेतक न होने से लगातार हादसे हो रहे थे, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता बनी रही। ऐसे में क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्वयं आगे आकर तीनों ब्रेकरों पर स्वयं अपने हाथों में पेंट और रोलर लेकर सफेद चेतावनी संकेतक बनवाया। जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके। पूर्वांचल जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के प्रदेश अध्यक्ष राज अनन्त पाण्डेय ने कहा कि पत्रकार केवल खबर लिखने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज की समस्याओं के समाधान के लिए भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकारी तंत्र अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ ले और आम जनता की जान जोखिम में पड़ जाए, तब सामाजिक सरोकार रखने वालों को आगे आना ही पड़ता है, और इस कार्य में पूर्वांचल जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कभी पीछे नहीं रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी छोटी-छोटी अनदेखियां भी बड़े हादसों का कारण बनती हैं। कई दुर्घटनाओं के बाद भी संबंधित विभाग द्वारा कोई कदम न उठाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। जनहित सर्वोपरि है और इसी भावना से पत्रकारों ने यह पहल की है। प्रदेश महामंत्री दिलशाद आलम ने कहा कि पूर्वांचल जर्नलिस्ट प्रेस क्लब हमेशा समाज के हित और जनसरोकारों के मुद्दों पर सक्रिय रहा है। संकेतक बनने से अब वाहन चालकों को दूर से ही ब्रेकर की जानकारी मिल सकेगी, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने सड़क सुरक्षा मानकों के प्रति विभागीय जवाबदेही तय करने और सभी प्रमुख मार्गों पर आवश्यक संकेतकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। पत्रकारों की इस पहल की स्थानीय लोगों और राहगीरों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि जो कार्य जिम्मेदार विभागों को करना चाहिए था, उसे पत्रकारों ने स्वयं करके समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता का परिचय दिया है। यह पहल न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश देती है, बल्कि व्यवस्था की उदासीनता पर भी एक करारा सवाल खड़ा करती है। इस अवसर पर प्रेस क्लब के प्रदेश अध्यक्ष राज अनन्त पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता व विनोद सिंह, प्रदेश महामंत्री दिलशाद आलम, तहसील अध्यक्ष अनिल वर्मा, सदस्य राजन ओझा, अंकित जायसवाल, शैलेन्द्र त्रिपाठी, आदित्य मिश्रा, राजेश यादव आदि लोग उपस्थित रहे।