अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बड़हलगंज के कमल प्रकाश राव बने सर्वश्रेष्ठ सीआईएस छात्र

बडहलगंज। बडहलगंज पहली बार घर लौटने पर अंबेडकर चौराहे पर हुआ भव्य स्वागत, क्षेत्र में खुशी की लहर बड़हलगंज क्षेत्र के होनहार एमबीबीएस छात्र कमल प्रकाश राव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 'सर्वश्रेष्ठ सीआईएस छात्र 2025-26' में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता से बड़हलगंज ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा है। मंगलवार को पहली बार बड़हलगंज पहुंचने पर अंबेडकर चौराहे पर कमल प्रकाश राव का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान शुभचिंतकों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। यह प्रतियोगिता सीआईएस (कॉमनवेल्थ ऑफ इंडिपेंडेंट स्टेट्स) देशों में युवा नीति के विकास में योगदान देने वाले प्रतिभाशाली छात्रों के लिए राष्ट्रीय नवाचार अनुसंधान केंद्र 'बिलिम-ओर्केनिएटी' द्वारा गणतंत्र नवाचार केंद्र के सहयोग से आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कमल प्रकाश राव ने प्रथम स्थान हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। एशियाई अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय की ओर से कमल प्रकाश राव के माता-पिता को भेजे गए प्रशस्ति पत्र में विश्वविद्यालय के डीन एके मतिस्कोव ने कहा कि कमल प्रकाश राव ने अपनी असाधारण प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और उच्च नागरिक उत्तरदायित्व की भावना का परिचय देते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 'सर्वश्रेष्ठ सीआईएस छात्र 2025-26' का विजेता बनकर विश्वविद्यालय और अपने देश का सम्मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर उनके पिता डॉ. पीडी राव ने कहा कि यह सफलता उनके बेटे की वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कमल ने हमेशा शिक्षा और सामाजिक दायित्वों को प्राथमिकता दी, जिसका परिणाम आज पूरे देश के सामने है। कमल प्रकाश राव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। गृह क्षेत्र पहुंचने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।