जाति-धर्म पूछकर मारपीट करने का आरोप, युवक घायल। मदरिया । --‐------------ पीड़ित

जाति-धर्म पूछकर मारपीट करने का आरोप, युवक घायल। मदरिया । --‐------------ पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस...... गोला थाना क्षेत्र के बेलनापार गांव निवासी संजीत तिवारी पुत्र स्व रमाकांत तिवारी ने सब्जी मंडी में कुछ लोगों पर जाति और धर्म पूछने के बाद मारपीट कर घायल करने तथा जान-माल की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर गोला पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के मुताबिक, बीते तीन सितंबर को वह अपने ऑटो से घर लौट रहा था। वीएसएवी इंटर कॉलेज के पास एक अपाची बाइक सवार उसका पीछा करते हुए सब्जी मंडी तक पहुंचा। सब्जी मंडी में ऑटो खड़ा कर वह दुकान से कुछ सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान तीन लोग वहां पहुंचे और उससे उसका धर्म पूछा। आरोप है कि इसके बाद उसकी जाति पूछी गई और जाति-धर्म को लेकर अपशब्द कहते हुए तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। संजीत तिवारी का आरोप है कि हमलावरों ने उसका कॉलर पकड़कर बुरी तरह पीटा, जिससे उसे चोटें आईं। आसपास के लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। आरोप है कि वहां से लौटते समय भी आरोपितों ने उसे जान-माल की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि घटना सब्जी मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही कुछ लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सीपी पाण्डेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को देखा जा रहा है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।