गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न।

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न। देवरिया, 19 अक्टूबर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के सकुशल संपादन के लिए विकास भवन स्थित गांधी सभागार में पीठासीन अधिकारियों तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, प्रभारी अधिकारी/नोडल अधिकारी मतदान कार्मिक एवं मुख्य विकास अधिकारी तथा मास्टर ट्रेनर ज्ञानेश यादव और शैलेष तिवारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारी जितेन्द्र कुमार शर्मा, खान निरीक्षक अनुपस्थित रहे। उन्हें दूरभाष के माध्यम से सूचना दिए जाने के बावजूद वे प्रशिक्षण में उपस्थित नहीं हुए। मास्टर ट्रेनर ज्ञानेश यादव ने निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया। इस दौरान पीठासीन अधिकारी तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारियों के कर्तव्यों, नियमानुसार निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने, विभिन्न प्रपत्रों एवं प्रारूपों को तैयार करने, मतपेटी खोलने एवं सील करने, मतपत्र लेखा तैयार करने, निर्वाचन संबंधी कागजात को लिफाफों में सीलबंद करने तथा डायरी तैयार करने और उसके रखरखाव से संबंधित जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए प्रभारी अधिकारी/नोडल अधिकारी मतदान कार्मिक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी मतदान कार्मिक निर्वाचन संबंधी नियमों का सूक्ष्मता से अध्ययन कर लें तथा अपनी शंकाओं का समय रहते समाधान प्राप्त कर लें। किसी भी कार्मिक को व्यक्तिगत समस्या होने पर इसकी जानकारी समय से उपलब्ध कराएं। निर्वाचन एक संवेदनशील प्रक्रिया है और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए सभी कार्मिक सजग एवं मुस्तैद रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने मतदान के दौरान निष्पक्षता, कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता, शुचिता एवं समयबद्धता के पंचसूत्र का पालन करने के निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। जनपद में सभी 16 क्षेत्र पंचायत कार्यालयों को मतदेय स्थल बनाया गया है। सभी मतदान अधिकारियों को 22 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे कलेक्ट्रेट स्थित पार्टी रवानगी स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। वहां निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक सामग्री प्राप्त करने के बाद ही वे अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह ने सभी पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पार्टी रवानगी स्थल से निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रदेश कोड, जनपद कोड एवं मतदान केंद्र कोड अनिवार्य रूप से प्राप्त कर लें। प्रशिक्षण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचकों की पहचान सुनिश्चित करने, निर्वाचन प्रक्रिया का अभिलेखीकरण करने, मतपत्रों के प्रतिपर्ण पर निर्वाचकों का विवरण अंकित करने, मतपत्र जारी करने तथा मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त दृष्टिबाधित एवं अशक्त निर्वाचकों तथा उनके साथ आने वाले व्यक्तियों की घोषणाओं के अनुपालन, मतदान अभिकर्ताओं के आचरण, उनकी शिकायतों के निस्तारण तथा चेकलिस्ट के अनुबंध-‘ग’ को भरने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से प्रशिक्षित किया गया। अंत में मास्टर ट्रेनरों द्वारा सभी मतदान कार्मिकों को निर्वाचन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उनकी तैयारियों को सुनिश्चित किया गया।