शिक्षिका का समायोजन निरस्त कराने की मांग, विधायक ने बीएसए को लिखा पत्र

ग्राम प्रधान दिनेश कुमार जायसवाल की पहल पर बच्चों की पढ़ाई के हित में उठाया गया कदम घघसरा, गोरखपुर। ग्राम पंचायत मिनवा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी की आशंका को देखते हुए ग्राम प्रधान दिनेश कुमार जायसवाल ने शिक्षिका के समायोजन का मामला उठाया है। उनकी पहल पर सहजनवां के भाजपा विधायक प्रदीप शुक्ल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए), गोरखपुर को पत्र लिखकर शिक्षिका प्रियंका राय के समायोजन आदेश को निरस्त करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है। ग्राम प्रधान दिनेश कुमार जायसवाल के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय मिनवा में कार्यरत शिक्षिका श्रीमती प्रियंका राय का समायोजन दूसरे विद्यालय में कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शिक्षिका अपने कार्य के प्रति जिम्मेदार हैं और छात्र-छात्राओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। उनके स्थानांतरण से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है। विद्यालय में वर्तमान में कुल 108 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं और प्रधानाध्यापक सहित पांच शिक्षक कार्यरत हैं। प्रधानाध्यापक 31 मार्च 2027 को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसके बाद विद्यालय में प्रधानाध्यापक सहित केवल चार शिक्षक रह जाएंगे। ऐसे में शिक्षिका का समायोजन होने से शिक्षण व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। ग्राम प्रधान ने बच्चों के शैक्षिक हितों को ध्यान में रखते हुए समायोजन निरस्त कराने की मांग की है। वहीं, विधायक प्रदीप शुक्ल ने भी बीएसए को पत्र लिखकर मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।