Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Kant Singh Hamirpur
Hamirpurलगभग १ घंटा पहले

अतिवृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, विधायक मनीषा अनुरागी ने मुख्यमंत्री से मांगा सर्वे और मुआवजा

अतिवृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, विधायक मनीषा अनुरागी ने मुख्यमंत्री से मांगा सर्वे और मुआवजा

राठ, हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र 229-राठ में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अतिवृष्टि के कारण तिल, उड़द और मूंगफली समेत खरीफ की कई फसलों को भारी नुकसान होने की बात सामने आई है। स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराने और किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। विधायक ने बताया कि राठ और सरीला क्षेत्र के लगभग सभी गांवों में लगातार अतिवृष्टि एवं जलभराव से व्यापक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि खरीफ की प्रमुख फसलें तिल, उड़द और मूंगफली समेत अन्य फसलें बर्बाद हो गई हैं। इसके अलावा कई गांवों में कच्चे मकान ढहने से ग्रामीणों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। विधायक ने पत्र में कहा कि कृषि स्थानीय किसानों की आजीविका का मुख्य साधन है। आय के अन्य साधन सीमित होने के कारण प्रभावित किसान परिवारों के सामने जीवन-यापन की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। विधायक मनीषा अनुरागी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विधानसभा क्षेत्र 229-राठ के सभी प्रभावित गांवों में शीघ्र प्रशासनिक टीमें भेजकर पारदर्शी तरीके से नुकसान का सर्वे कराया जाए। साथ ही नष्ट हुई फसलों और अतिवृष्टि के कारण ढहे मकानों के लिए पीड़ित किसानों एवं ग्रामीणों को जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

0 likes
0 comments0 shares