व्यापारियों के उत्पीड़न के विरोध में सराफा व्यापार मंडल ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

बड़हलगंज, गोरखपुर। बंधक (गिरवी) आभूषणों को लेकर पिछले कुछ दिनों से सराफा व्यापारियों को कथित रूप से ब्लैकमेल करने और अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने के विरोध में बड़हलगंज सराफा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गोरखपुर से मुलाकात कर ज्ञापन लेकर सर्राफा मंडल अध्यक्ष गंगा सोनी के नेतृत्व में सौंपा। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में सोती चौराहा स्थित शिवम ज्वेलर्स को भी निशाना बनाने का प्रयास किया गया। इस तरह की घटनाओं से व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को पूरे मामले से अवगत कराते हुए व्यापारियों का उत्पीड़न रोकने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बड़हलगंज सहित जिले के सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की बात कही। इस अवसर पर गोरखपुर सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष गणेश वर्मा एवं महेश वर्मा का विशेष योगदान रहा। व्यापार मंडल ने स्पष्ट कहा कि व्यापारियों को ब्लैकमेल करने या अनावश्यक रूप से परेशान करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस दौरान गोरखपुर सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष गणेश वर्मा, महेश वर्मा, बड़हलगंज सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष गंगा सोनी, श्रीनिवास सोनी, श्रीकांत सोनी, राधेश्याम वर्मा, बृजेश वर्मा,सहित व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।