अपनी ही सरकार में उपेक्षा का झलका दर्द : भाजपा बूथ अध्यक्ष

अपनी ही सरकार में उपेक्षा का झलका दर्द : भाजपा बूथ अध्यक्ष ने दारोगा पर लगाया अभद्रता का आरोप, पुलिस अधीक्षक से की कार्यवाही मांग फतेहपुर। जनपद के थाना गाजीपुर में तैनात एक दरोगा पर भारतीय जनता पार्टी बूथ अध्यक्ष ने अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर गांव निवासी एवं भाजपा बूथ अध्यक्ष अनुरुद्ध सिंह पुत्र शिव बहादुर सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि वह अपने पड़ोसी के साथ एक शिकायत के संबंध में थाना गाजीपुर गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद दरोगा जगत कुशवाहा ने कथित रूप से उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा थाने से बाहर जाने के लिए कहा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने थाने आने का कारण बताया तो दरोगा ने कथित रूप से राजनीतिक पद और पहचान को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कीं तथा धमकी भरे शब्दों का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि जब उन्होंने पूरे मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी तो उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। घटना से आक्रोशित शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित दरोगा के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक कार्यकर्ता के साथ थाने में इस प्रकार का व्यवहार किया जा सकता है, तो आम नागरिकों की स्थिति का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। यह मामला पुलिस की कार्यशैली और जनता के साथ व्यवहार को लेकर भी कई सवाल खड़े करता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में पुलिस का दायित्व नागरिकों की शिकायतों को सुनना और उन्हें न्याय दिलाना है। ऐसे में यदि शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल सेवा आचरण के विपरीत होगा बल्कि जनता के विश्वास को भी प्रभावित करेगा। फिलहाल मामले की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।