सुलतानपुर कादीपुर कोतवाली पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए 25-25

सुलतानपुर कादीपुर कोतवाली पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शिवम सिंह उर्फ बगदादी भी शामिल है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय भेज दिया है।पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक आनंद वाजपेयी टीम के साथ क्षेत्र में वांछितों की तलाश में निकले थे। मुखबिर की सूचना पर जलालपुर क्षेत्र में सुबह करीब 3:30 बजे घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम सिंह उर्फ बगदादी और छट्टू गुप्ता उर्फ कृष्ण कुमार निवासी सरायकल्याण कादीपुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली कादीपुर में दर्ज मुकदमे में बीएनएस व एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई चल रही थी।थानाध्यक्ष श्याम सुंदर ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लोहे की छड़ बरामद कर सील कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक बगदादी के खिलाफ हत्या, लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट व आर्म्स एक्ट समेत 13 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।