एच1एन1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, जिला अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार अस्पतालों में दवाओं और ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
हमीरपुर। इन्फ्लुएंजा-ए (एच1एन1) के बढ़ते मामलों को देखते हुए हमीरपुर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संक्रमण की रोकथाम और संभावित मरीजों के उपचार के लिए जिला अस्पताल में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड स्थापित किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार एच1एन1 वायरस से होने वाला रोग है, जिसे सामान्य तौर पर स्वाइन फ्लू कहा जाता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, नाक बहना, खांसी, गले में खराश, सिर व बदन दर्द, ठंड लगना तथा आंखों में लालिमा शामिल हैं। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी आवश्यकता के अनुसार 2 से 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने उपचार के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का दावा किया है। जिला चिकित्सालय पुरुष एवं महिला के साथ सीएचसी राठ, कुरारा और मौदहा में ऑक्सीजन प्लांट संचालित हैं। सभी पीएचसी और सीएचसी में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी उपलब्ध कराए गए हैं। मास्क और स्वच्छता पर जोर स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को मास्क का प्रयोग करने तथा अस्पताल परिसरों में नियमित सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए हैं। लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने, हाथों की नियमित सफाई करने और खांसते-छींकते समय मुंह-नाक ढकने की सलाह दी जा रही है। सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि एच1एन1 के लक्षण दिखाई देने पर घबराने के बजाय नजदीकी सरकारी अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लें।