सलेमपुर में फर्जी पैथोलॉजी सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, अमृत

सलेमपुर में फर्जी पैथोलॉजी सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, अमृत डायग्नोस्टिक सेंटर सील देवरिया। जनपद में अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने सलेमपुर में एक फर्जी पैथोलॉजी सेंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। विभागीय टीम ने जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज और वैध पंजीकरण न मिलने पर यह कदम उठाया। यह कार्रवाई अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट के नोडल अधिकारी डॉ. अजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। जांच टीम में अरुण शाही, सूरज पाण्डेय सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे। जांच के दौरान टीम को सलेमपुर में ‘अमृत डायग्नोस्टिक सेंटर’ नाम से संचालित एक पैथोलॉजी सेंटर मिला। अधिकारियों ने संचालकों से पंजीकरण प्रमाणपत्र एवं अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे वैध पंजीकरण से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। नियमों के उल्लंघन और आवश्यक अनुमति के अभाव में स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से सेंटर को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, पैथोलॉजी केंद्रों और क्लीनिकों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि आम जनता को सुरक्षित और मानक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने सभी संचालकों को नियमानुसार पंजीकरण और आवश्यक मानकों का पालन करने की चेतावनी दी है।