गोरखपुर के वार्ड 27 में नगर आयुक्त का निरीक्षण: गोकुल अपार्टमेंट से

गोरखपुर के वार्ड 27 में नगर आयुक्त का निरीक्षण: गोकुल अपार्टमेंट से रेलवे लाइन तक बनेगा नाला, कल्याण मंडपम तक लिंक रोड का प्रस्ताव *गोरखपुर।* गोरखपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 27 जटेपुर उत्तरी में नगर आयुक्त ने विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सड़क, नाला निर्माण और जलकल विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने चल रहे और प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली और अधूरे पड़े कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। *कल्याण मंडपम तक बनेगी लिंक रोड* नगर आयुक्त ने वार्ड में प्रस्तावित कल्याण मंडपम के स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हुमायूँपुर-हड़हड़वा फाटक रोड से कल्याण मंडपम तक लिंक रोड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही लिंक रोड के किनारे स्थित धोबी घाट के पुनर्निर्माण के लिए भी कहा। दोनों कार्यों की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया है। *गोकुल अपार्टमेंट से रेलवे लाइन तक बनेगा नाला* गोकुल अपार्टमेंट की बाउंड्रीवाल से रेलवे लाइन तक प्रस्तावित नाला निर्माण की भी जानकारी ली गई। नगर आयुक्त ने इस नाले का निर्माण जल्द शुरू कराकर समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए प्रस्तावित कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। *कई गलियों में चल रहे नाला निर्माण का जायजा* सीवरेज और जलनिकासी योजना के तहत चल रहे नाला निर्माण कार्यों का भी मौके पर निरीक्षण किया गया। पिनाकी राय के मकान से राजेश श्रीवास्तव, श्रीप्रकाश दुबे, कैलाश, विमल, सेवालाल और राजू के घरों की ओर जाने वाली विभिन्न गलियों में निर्माणाधीन नालों की स्थिति देखी गई और काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को जलनिकासी की समस्या से राहत मिल सके। *सफाई और कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था पर जोर* वार्ड में सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की स्थिति भी देखी गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई और घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्षद पवन सिंह, मुख्य अभियंता अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता अमरनाथ, जोनल अधिकारी संतोष गुप्ता, सहायक अभियंता जलकल राकेश यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।