डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर क्षेत्र में कार्यक्रमों की धूम,

डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर क्षेत्र में कार्यक्रमों की धूम, हजारों लोग हुए शामिल बड़हलगंज। भारतीय संविधान के शिल्पी, महान समाज सुधारक और देश के पहले कानून मंत्री भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयंती पूरे देश के साथ-साथ बड़हलगंज कस्बे व चिल्लूपार क्षेत्र में भी बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जगह-जगह माल्यार्पण, गोष्ठी, रैली तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर बाबा साहब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कस्बे के अंबेडकर चौराहे पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा देश को दिए गए संविधान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र कुमार बौद्ध ने किया। जयंती के अवसर पर एक विशाल रैली भी निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पूरे कस्बे का भ्रमण करती हुई पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। मंगलवार को जयंती समारोह के अवसर पर चिल्लूपार क्षेत्र में विधायक राजेश त्रिपाठी ने अंबेडकर तिराहे पर स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया ।इसी क्रम में मरवट, नगर पंचायत कार्यालय सहित कई स्थानों पर भी श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं। नगर पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में चेयरमैन प्रीति उमर ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। चेयरमैन प्रतिनिधि एवं भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक महेश उमर के नेतृत्व में कोडारी स्थित अंबेडकर सामुदायिक केंद्र, गोला रोड की दलित बस्ती समेत कई स्थानों पर भी जयंती समारोह आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में सामाजिक समरसता और शिक्षा के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। जयंती समारोह के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने, शिक्षा को बढ़ावा देने और समाज में समानता व भाईचारे की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। बड़हलगंज में आयोजित इन कार्यक्रमों में मंडल अध्यक्ष दुर्गेश मिश्र, विनय तिवारी, वृजेश उमर, श्रीकांत सोनी,सभासद दीपक शर्मा, बसपा विधानसभा उपाध्यक्ष श्रवण जायसवाल, इंद्रजीत वाल्मीकि, प्रिंस आजाद, जंगबहादुर, देवनारायण बौद्ध, बृजेश कुमार, संतोष कुमार, कमल प्रसाद, बाबूलाल, संजय राणा प्रधान, संतोष कुमार प्रधान एवं देव शरण सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।