मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 475 करोड़ की 139 विकास परियोजनाओं का किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 475 करोड़ की 139 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास धनघटा/खजनी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने संत कबीर नगर जनपद के धनघटा क्षेत्र तथा गोरखपुर जनपद की खजनी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 475 करोड़ रुपये की लागत से 139 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा में लाखों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्रीराम चौहान, विधायक गणेश चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी, पूर्व विधायक संत प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, मंत्री, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का आगमन बसवारी गांव स्थित प्रसिद्ध बाबा बैजूनाथ धाम में हुआ, जहां उन्होंने सबसे पहले बाबा बैजूनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार की विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि भू-माफियाओं, अपराधियों तथा बेटियों और महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित है और अपराधियों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भी निर्देशित करते हुए कहा कि जनहित और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। इस दौरान खजनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीराम चौहान ने मुख्यमंत्री से बेलघाट को नगर पंचायत का दर्जा प्रदान किए जाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि बेलघाट क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है तथा यहां की बढ़ती आबादी और आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकताओं को देखते हुए नगर पंचायत का दर्जा दिया जाना जनहित में होगा। मुख्यमंत्री ने उनकी मांग को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषय पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। बाबा बैजूनाथ धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ उमड़ी रही। जनसभा में उपस्थित लोगों ने विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री के विचारों का स्वागत किया तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।