घघसरा बाजार में बीज भंडार बंद, व्यापारियों की हड़ताल से किसान परेशान

घघसरा, गोरखपुर। नगर पंचायत घघसरा बाजार स्थित बीज भंडार के दुकानदारों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दुकानें बंद रखकर हड़ताल की। व्यापारियों की इस बंदी के कारण क्षेत्र के किसानों को बीज, और कीटनाशक खरीदने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसान सुबह से बाजार पहुंचते रहे, लेकिन दुकानें बंद मिलने पर निराश होकर लौटना पड़ा। दुकानदारों ने बताया कि 27 अप्रैल 2026 को बीज, खाद एवं कीटनाशक व्यापारियों की यह हड़ताल की गई। व्यापारियों का कहना है कि सरकार की कुछ नीतियां और नियम व्यापारियों के लिए कठिनाइयां पैदा कर रहे हैं, जिनमें संशोधन जरूरी है। व्यापारियों की प्रमुख मांगों में -- एक से अधिक जिलों में व्यापार करने पर अलग-अलग लाइसेंस की बाध्यता समाप्त करना, जमाव मानक से कम आने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई रोकना, खाद की डिलीवरी दुकानों तक पहुंचाना, सीलबंद बोरी के नमूने अमानक मिलने पर पैकिंगकर्ता की जिम्मेदारी तय करना, सार्थी पोर्टल समाप्त करना तथा प्रस्तावित सीड बिल 2025 का सरलीकरण शामिल है। व्यापारियों ने कहा कि मौजूदा नियम छोटे व्यापारियों के लिए बोझ साबित हो रहे हैं। यदि समय रहते मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। हड़ताल में शिव शंकर सिंह, चंद्रशेखर मौर्य, राम जनक मौर्य, जय कृष्ण प्रताप सिंह, अरविंद त्रिपाठी, महेश पांडेय, दीपक तिवारी, कार्तिकेय त्रिपाठी, चंद्र देव मौर्य समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे। इस संबंध में एडीओ एजी ध्रुव कुशवाह से बात किया गया तो उन्होंने बताया कि हमको जानकारी नहीं है हम पता करते हैं कि क्या मामला है।