शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या प्रकरण में निलंबित पूर्व बीएसए शालिनी श्रीवास्तव

शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या प्रकरण में निलंबित पूर्व बीएसए शालिनी श्रीवास्तव गिरफ्तार देवरिया/गोरखपुर। शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या मामले में करीब चार माह से फरार चल रहीं देवरिया की निलंबित पूर्व बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शालिनी श्रीवास्तव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गोरखपुर की गुलरिहा थाना पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तारी की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद दोनों आरोपियों पर पहले 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 25-25 हजार रुपये कर दिया गया। आरोपियों की तलाश में गठित पुलिस टीमें बलिया, प्रयागराज, लखनऊ और देवरिया समेत कई जिलों में लगातार दबिश दे रही थीं। एसपी सिटी गोरखपुर ने बताया कि शालिनी श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले का दूसरा आरोपी बीएसए कार्यालय का लिपिक संजीव सिंह अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। बताया गया कि शालिनी श्रीवास्तव 22 फरवरी को गोरखपुर के गुलरिहा थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार थीं। उनके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था। जांच के दौरान उनकी लोकेशन नई दिल्ली में मिलने के बाद पुलिस ने निगरानी और तेज कर दी थी। हालांकि, गिरफ्तारी किस स्थान से हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। गौरतलब है कि यह मामला कुशीनगर जिले के हरैया बुजुर्ग निवासी सहायक अध्यापक कृष्ण मोहन सिंह की आत्महत्या से जुड़ा है। वह गौरीबाजार विकासखंड स्थित कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय, मदरसन में कार्यरत थे और गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में निवास करते थे। मामले की जांच और अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।