इसौली विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है।बल्दीराय विकासखंड की
इसौली विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है।बल्दीराय विकासखंड की निशासिन ग्राम सभा में करीब तीन एकड़ भूमि पर फिजिकल ट्रेनिंग ग्राउंड बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है।जिला प्रशासन ने भूमि चिन्हित कर निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।शासन से मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।क्षेत्र के युवाओं को अब तक सेना,पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भर्ती की तैयारी के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था।स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण केंद्र बनने से समय और आर्थिक खर्च दोनों में राहत मिलेगी।बताया गया कि क्षेत्र में फिजिकल ट्रेनिंग ग्राउंड की मांग को देखते हुए बल्दीराय ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह ने मुख्यमंत्री से इसकी स्थापना का अनुरोध किया था।मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर भूमि का चयन करते हुए प्रस्ताव शासन को भेज दिया।ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह ने उम्मीद जताई कि ग्राउंड बनने से क्षेत्र के हजारों युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा और भर्ती की तैयारियों को नई गति मिलेगी।उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री,जिलाधिकारी और जिला प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया।