नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, AC स्लीपर बस में लगी

नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, AC स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 9 यात्री जिंदा जले, 35 सवार थे *नोएडा / जेवर।* उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जेवर एयरपोर्ट से करीब 2 किमी दूर दिल्ली से महोबा जा रही प्राइवेट स्लीपर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बस में कुल 35 यात्री सवार थे। हादसे के दौरान कई यात्रियों ने बस की खिड़कियां तोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस के जवान बस के अंदर गए और एक-एक शव को बाहर निकाला। करीब 2 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। शव इस कदर जल चुके हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह बस राज कल्पना ट्रैवल्स की है। *आग लगने के दो कारण आ रहे सामने* प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की दो वजहें सामने आ रही हैं। पहली- बस की AC में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। दूसरी- बस में पटाखे ले जाए जा रहे थे, जिनमें विस्फोट के बाद आग भड़की। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने की स्पष्ट वजह सामने आ पाएगी।