रुद्रपुर तहसील में अधिवक्ताओं का धरना छठे दिन भी जारी, एडीएम को

रुद्रपुर तहसील में अधिवक्ताओं का धरना छठे दिन भी जारी, एडीएम को सौंपा ज्ञापन देवरिया। रुद्रपुर तहसील में तहसील एवं जिला प्रशासन के खिलाफ अधिवक्ताओं का धरना शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा। अधिवक्ता अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं और प्रशासन पर उनकी समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगा रहे हैं। तहसील समाधान दिवस के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर धरना स्थल के पास पहुंचे, लेकिन प्रारंभ में अधिवक्ताओं से वार्ता नहीं की। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बढ़ते विरोध और आंदोलन के तेवरों को देखते हुए एडीएम बाद में पुनः धरना स्थल पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से बातचीत कर उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्राप्त किया। बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामेश्वर मणि ने प्रशासन के रवैये को निराशाजनक और हठधर्मितापूर्ण बताते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने के बजाय प्रशासन टालमटोल की नीति अपना रहा है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं द्वारा उठाए गए मुद्दे जनहित से जुड़े हैं, बावजूद इसके प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की जा रही है। धरने के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। इनमें महामंत्री विनोद पाठक, सुधांशु मोली ओझा, आनंद शंकर मणि, अनिल यादव, विकास त्रिपाठी, विश्व विजय मल्ल, सतपाल यादव, शशि भूषण, गोपीनाथ यादव, बीना शर्मा, सतीश गुप्ता, अजीत त्रिपाठी, बलवंत सिंह, सुरेश यादव, पीयूष निषाद, पंकज शुक्ला और शशिकांत सिंह सहित अनेक अधिवक्ता शामिल रहे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।