यूपी पुलिस एसआई परीक्षा में दुर्गेश राय व अंजलि मौर्य चयनित, गांव में खुशी की लहर

बड़हलगंज। बड़हलगंज विकासखंड के ग्राम तीहामुहम्मदपुर के दो होनहार युवाओं ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। गांव निवासी दुर्गेश राय, पुत्र श्री सदानंद राय, तथा अंजलि मौर्य, पुत्री श्री विनय मौर्य, का चयन यूपी पुलिस में उपनिरीक्षक पद पर हुआ है। चयन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने दोनों सफल अभ्यर्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने कहा कि दोनों युवाओं की उपलब्धि पूरे गांव के लिए गर्व का विषय है और इससे क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा मिलेगी। दुर्गेश राय और अंजलि मौर्य ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा निरंतर कठिन परिश्रम और अनुशासित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पूरी लगन के साथ तैयारी की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों चयनित अभ्यर्थी अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए समाज एवं प्रदेश की बेहतर सेवा करेंगे।