सेवा संकल्प अभियान की प्रदर्शनी में योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ले

सेवा संकल्प अभियान की प्रदर्शनी में योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ले रहे छात्र-छात्राएं राइफल क्लब परिसर में 17 अक्टूबर तक लगी प्रदर्शनी, जनकल्याणकारी योजनाओं को फ्लेक्स के माध्यम से किया गया प्रदर्शित गाजीपुर, 03 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा से देश सेवा कार्यक्रम के तहत राइफल क्लब परिसर में सूचना विभाग की ओर से लगाई गई योजनाओं, परियोजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का शनिवार को विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं आमजन ने अवलोकन किया। लोगों ने प्रदर्शनी में लगाए गए फ्लेक्स के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।प्रदर्शनी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जनपद मुख्यालय पर संचालित है। इसमें प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को आकर्षक फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।प्रदर्शनी में एयरपोर्ट विस्तार, पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, युवाओं को रोजगार एवं सरकारी नौकरी, कानून-व्यवस्था में सुधार, अपराध पर अंकुश, एमएसएमई इकाइयों के विस्तार, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को हस्तांतरित धनराशि से संबंधित उपलब्धियों की जानकारी दी गई है।इसके अलावा कृषि क्षेत्र में ड्रोन के उपयोग, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सोलर पंप, कृषि यंत्रों की उपलब्धता, मंडियों के आधुनिकीकरण, ई-नाम जैसी डिजिटल सुविधाओं तथा कृषि उत्पादों के उत्पादन से जुड़ी उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। गन्ना, चीनी, एथेनॉल, आम, दूध, आलू, मटर, गेहूं एवं शहद सहित विभिन्न कृषि उत्पादों से संबंधित जानकारी भी फ्लेक्स पर प्रदर्शित है।महिला सशक्तिकरण एवं बेटियों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं में वन स्टॉप सेंटर, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा महिला श्रम बल भागीदारी में वृद्धि आदि को प्रमुखता से दर्शाया गया है। स्वास्थ्य सखियों, ओडीओपी, कॉमन फैसिलिटी सेंटर एवं स्वयं सहायता समूहों से संबंधित उपलब्धियां भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं।प्रदर्शनी में काशी, अयोध्या एवं प्रयागराज सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों तथा विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों की जानकारी भी दी गई है। महापुरुषों के सम्मान एवं जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं के साथ डॉ. भीमराव आंबेडकर छात्रावास योजना, सरदार पटेल जनपदीय आर्थिक क्षेत्र योजना, महाराणा प्रताप स्मृति छावनी छात्र योजना, अटल बिहारी वाजपेयी पुस्तकालय योजना एवं चौधरी चरण सिंह सिटी पार्क योजना से संबंधित फ्लेक्स लगाए गए हैं।वहीं स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण, निःशुल्क इलाज, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, डीबीटी के माध्यम से अनुदान भुगतान तथा कौशल, रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। छात्र-छात्राओं एवं आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।इस अवसर पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सच्चिदानंद तिवारी, सूचना विभाग से संजोग सिंह, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित रहे।