Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Prakash Pandey
Gorakhpur२३ दिन पहले

स्वर्गीय विरेंद्र प्रताप शाही स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता में मऊ और सिवान की शानदार जीत

स्वर्गीय विरेंद्र प्रताप शाही स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता में मऊ और सिवान की शानदार जीत

बड़हलगंज।स्वर्गीय विरेंद्र प्रताप शाही की स्मृति में ग्राम महुआपार, बड़हलगंज में आयोजित अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता अपने रोमांचक मुकाबलों के साथ आगे बढ़ रही है। प्रतियोगिता के पांचवें दिन खेले गए मैचों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दिन का पहला मुकाबला सिवान और पटना की टीमों के बीच खेला गया। मैच की शुरुआत से ही सिवान की टीम आक्रामक रही और लगातार आक्रमण करती रही। खेल के दूसरे हाफ के 29वें मिनट में सिवान के खिलाड़ी भरत ने शानदार गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद पटना की टीम ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सिवान की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने सभी प्रयास विफल रहे। अंततः यह मुकाबला सिवान ने 1-0 से अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में निर्णायक की भूमिका उपेंद्र शुक्ला, अमन एवं सौरभ कुमार ने निभाई, जबकि मैच की जीवंत कमेंट्री मुन्ना शाही व राजू शाही द्वारा की गई। दिन का दूसरा मुकाबला डी.एफ.ए. मऊ और गोरखपुर की टीम के बीच खेला गया, जो अंत तक बेहद संघर्षपूर्ण और रोमांचक रहा। मैच के पहले हाफ के सातवें मिनट में मऊ की ओर से मो. तौसीफ ने शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद गोरखपुर की टीम ने गोल बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन मऊ के गोलकीपर और रक्षापंक्ति ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए गोरखपुर के सभी हमलों को नाकाम कर दिया। निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका और मऊ ने यह मुकाबला 1-0 से जीत लिया। इस दूसरे मुकाबले के निर्णायक अजय यादव, आयुष, सौरभ एवं अमन कुमार रहे। पांचवें दिन के पहले मैच में चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर, डॉ. राम जायसवाल (स्पर्श हॉस्पिटल) एवं डॉ. पूजा सिंह कौशिक, बेलघाट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में मदन शुक्ला एवं सुनील शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैच के दौरान आयोजन समिति के सदस्य रमेश शाही, प्रशांत शाही, देवेंद्र शाही, अजीत राव, धीरेन्द्र तिवारी, अतुल शाही, गोपाल पाल, दीपक यादव, सिंटू शाही, श्यामनारायण शाही, श्रीराम यादव सहित बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे।

1500 likes
0 comments0 shares