बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे डीएम-एसपी, लिया जमीनी हालात का जायजा नरवा

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे डीएम-एसपी, लिया जमीनी हालात का जायजा नरवा घाट पर नाव और लाइफ जैकेट की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश, ग्रामीणों से संवाद कर जाना हाल गाजीपुर/सेवराई, 02 सितंबर। जनपद में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और राहत व्यवस्था तेज कर दी है। बुधवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने तहसील सेवराई क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव की तैयारियों को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण की शुरुआत नरवा घाट से हुई। जिलाधिकारी ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वहां पर्याप्त संख्या में नाव और लाइफ जैकेट उपलब्ध रहें। उन्होंने घाट की सीढ़ियों के नीचे बांस की जाली लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि कोई व्यक्ति तेज बहाव वाले पानी की ओर न जा सके और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत बिरऊपुर एवं हसनपुरा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं। ग्रामीणों से बातचीत के दौरान प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली गई।जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। प्रभावित लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही पशुओं के लिए भी पर्याप्त मात्रा में चारे की व्यवस्था की गई है और बाढ़ प्रभावित गांवों में चारा उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। प्रभावित लोगों की जरूरत के अनुसार आवश्यक सामग्री और चिकित्सा सुविधा समय से उपलब्ध कराई जाए।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे तेज बहाव वाले पानी के पास जाने से बचें और विशेष रूप से अपने बच्चों को पानी के बहाव वाले क्षेत्रों में न जाने दें। उन्होंने कहा कि सभी लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। परिस्थितियों के अनुसार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।निरीक्षण के दौरान एसडीएम सेवराई, तहसीलदार सेवराई सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।