नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत से सनसनी, ससुराल पर गंभीर आरोप

नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत से सनसनी, ससुराल पर गंभीर आरोप घघसरा, गोरखपुर | बांसगांव संदेश पाली क्षेत्र के नेवास ग्राम सभा में शनिवार दोपहर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान चांदनी (20 वर्ष), पत्नी हरिशंकर निषाद के रूप में हुई है, जिसकी शादी 9 मई 2025 को हुई थी। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे चांदनी का शव घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना के समय घर में पति, सास और ननद मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के ननिहाल पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही चांदनी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट होती थी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर पति, सास और ननद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 👉 घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल है।