चिल्लूपार में रुद्र महायज्ञ के साथ होगा सरयू अमृत महोत्सव, नौ प्रतियोगिताओं से सजेगा आयोजन

बड़हलगंज। नवरात्र के अवसर पर 11 से 17 अक्टूबर 2026 तक बड़हलगंज के सरयू तट पर पितरों की तृप्ति के लिए होने वाले रुद्र महायज्ञ के साथ सात दिवसीय सरयू अमृत महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत अगस्त और सितंबर में विभिन्न खेल, सांस्कृतिक एवं प्रतिभा आधारित कुल नौ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। यह निर्णय चिल्लूपार विधायक एवं रुद्र महायज्ञ तथा सरयू अमृत महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में विधायक निवास पर हुई बैठक में लिया गया। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है, जबकि रुद्र महायज्ञ के आयोजन के लिए अलग कमेटी कार्य करेगी। 16 अगस्त से शुरू होगा आयोजन: पहला कार्यक्रम 16 अगस्त को सम्राट अशोक मौर्य की स्मृति में ‘बाग लगाओ’ कार्यक्रम के रूप में होगा। इसमें लोग ‘एक पेड़ अपनी मां के नाम’ लगाएंगे। 23 अगस्त को पहलवान जयनारायण सिंह और पहलवान हरी निषाद की स्मृति में डेरवा खेल मैदान पर गद्दे पर कुश्ती प्रतियोगिता होगी। 30 अगस्त को पूर्व मंत्री मारकंडेय चंद की स्मृति में गोला खेल मैदान पर महिला कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर चिल्लूपार की पहली महिला विधायक रहीं श्रीमती कैलाशवती देवी की स्मृति में ‘हां, मैं बेटी हूं, सब कुछ कर सकती हूं’ विषय पर महिला संभाषण प्रतियोगिता होगी। इसी दिन पूर्व विधायक धुरियापार डॉ. अच्युतानंद तिवारी की स्मृति में गोला स्थित वीएसएवी डिग्री कॉलेज में पुरुष संभाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 6 सितंबर को बड़हलगंज डिग्री कॉलेज एवं इंटर कॉलेज के संस्थापक राम छबीले श्रीवास्तव की स्मृति में महिला फुटबॉल तथा रामकवल शाही की स्मृति में पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता बड़हलगंज मिनी ग्रामीण स्टेडियम में होगी। 13 सितंबर को चिल्लूपार क्षेत्र के 10 इंटर कॉलेजों में आचार्य चाणक्य की स्मृति में इंटरमीडिएट छात्रों के लिए एक साथ सामान्य ज्ञान प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को स्कूटी, द्वितीय को लैपटॉप और तृतीय विजेता को टैबलेट दिया जाएगा। इसके अलावा 10 प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में एंड्रॉयड मोबाइल दिए जाएंगे। 16 सितंबर को राजा हरिप्रसाद मल्ल राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज खड़ेसरी के ऑडिटोरियम में पूर्व विधायक पं. भृगुनाथ चतुर्वेदी की स्मृति में गीत-संगीत तथा पूर्व मंत्री कल्पनाथ सिंह की स्मृति में नृत्य प्रतियोगिता होगी। 20 सितंबर को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राम अलख सिंह सैंथवार की स्मृति में सिद्धपीठ मदरिया से चिल्लूपार के युवाओं के बीच लघु मैराथन आयोजित की जाएगी। वहीं 26 सितंबर को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. रामलखन शुक्ल की स्मृति में महिला क्रिकेट तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केशभान राय की स्मृति में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता चिल्लूपार लीग के तहत उरुवा बाजार खेल मैदान में होगी। महायज्ञ के दौरान मिलेगा विजेताओं को सम्मान सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को रुद्र महायज्ञ के दौरान अलग-अलग दिनों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। 12 अक्टूबर को कुश्ती, कबड्डी और क्रिकेट के विजेताओं को शील्ड एवं नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। 13 अक्टूबर को फुटबॉल, मैराथन और वृक्षारोपण प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। 14 अक्टूबर को संभाषण, डांसिंग और सिंगिंग प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार मिलेगा। 15 अक्टूबर को प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करने के साथ क्षेत्र की 13 विभूतियों को ‘सरयू रत्न सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। 16 अक्टूबर को बड़हलगंज लेटाघाट पर नौका दौड़ का आयोजन होगा। इसी दिन शाम आठ बजे अंतरराष्ट्रीय कवि दिनेश बावरा के नेतृत्व में भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। बैठक में आचार्य वेदप्रकाश त्रिपाठी, अनिल भट्ट, प्रशांत शाही, बनवारी प्रसाद, श्रीकांत सोनी, शिवाजी सिंह, कृष्णा त्रिपाठी, आरबी यादव सैनिक, श्रीप्रकाश राय, सत्यप्रकाश यादव, रतन प्रकाश दूबे, इम्तियाज अहमद, युसुफ, अष्टभुजा सिंह, विपिन त्रिपाठी, पिंटू प्रीतम, मनोज मधुर, वेदब्रत मिश्र, विशाल सिंह, योगेंद्र सिंह, अजीत राव, उमेश यादव, प्रवीण सिंह, शिवांश त्रिपाठी, अभिषेक पांडेय, बृजेश वर्मा, नारद पासवान, रुद्रेश तिवारी, सरफराज अहमद, धीरेन्द्र तिवारी, विनय तिवारी, सुरेश मिश्र, स्वतंत्र सिंह, सुरेश मिश्र गुड्डू सहित अनेक जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।