Bansgaon Sandesh
Login
H
Gorakhpurलगभग १ घंटा पहले

जमीनी विवाद में मारपीट, धारदार हथियार से हमला

जमीनी विवाद में मारपीट, धारदार हथियार से हमला

सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज बड़हलगंज। थाना क्षेत्र के पोहिला गांव में जमीन पर बाड़ लगाने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष पर लाठी-डंडे, रॉड और चाकू से हमला करने का आरोप लगा है। घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे गोरखपुर रेफर किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पोहिला गांव निवासी जयनाथ साहनी पुत्र लक्ष्मण साहनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार 18 मई की सुबह करीब सात बजे वह अपने भाई जयप्रकाश साहनी और भतीजे सोनू के साथ घर के पास स्थित अपनी जमीन पर जानवरों से सुरक्षा के लिए बाड़ लगा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही रामपति साहनी पुत्र स्वर्गीय प्यारेलाल साहनी, उनके पुत्र साधे साहनी, गोपाल साहनी उर्फ पाली, महाबीर साहनी उर्फ बल्ला, राजवीर साहनी उर्फ नागा तथा मुनक्का देवी रॉड, चाकू और लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिससे जयनाथ, जयप्रकाश और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोपियों ने जाते समय गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जयप्रकाश साहनी की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 109(1), 115(2), 352, 351(3) तथा 131 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0 likes
0 comments0 shares