Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Prakash Pandey
Gorakhpurलगभग १० घंटे पहले

अधूरे पुल ने ली अधेड़ की जान, डूबे रास्ते से गुजरना पड़ा भारी

अधूरे पुल ने ली अधेड़ की जान, डूबे रास्ते से गुजरना पड़ा भारी

घघसरा/गोरखपुर। सहजनवां थाना क्षेत्र के चड़राव गांव के पास चोरमा नाले पर निर्माणाधीन पुलिया के अधूरे रास्ते पर पानी में डूबने से शुक्रवार देर शाम 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान लखनापार निवासी अरविंद पुत्र भोना प्रसाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अरविंद शुक्रवार शाम भक्सा गांव में रिश्तेदारी में पैदल जा रहे थे। चड़राव-भक्सा मार्ग पर चोरमा नाले के ऊपर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है, जो कई महीनों से अधूरा पड़ा है। आरोप है कि ठेकेदार ने निर्माण पूरा करने के बजाय बगल में मिट्टी डालकर कच्चा रास्ता बना दिया था। राप्ती नदी और बखिरा झील का जलस्तर बढ़ने से कच्चा रास्ता पानी में डूब गया था। इसी रास्ते से गुजरते समय अरविंद का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। डूबने से उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। पुलिया का निर्माण अधूरा होने की शिकायत पहले भी विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

0 likes
0 comments0 shares