रबी गोष्ठी में किसानों को उन्नत खेती, फसल अवशेष प्रबंधन एवं जैविक खेती की दी गई जानकारी।

रबी गोष्ठी में किसानों को उन्नत खेती, फसल अवशेष प्रबंधन एवं जैविक खेती की दी गई जानकारी देवरिया 20 नवंबर कृषि सूचना तंत्र योजनांतर्गत एक दिवसीय जनपद स्तरीय रबी गोष्ठी एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र, मल्हना, भाटपाररानी, देवरिया में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. रवि प्रकाश मौर्य, पूर्व प्रोफेसर, आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या रहे। कृषि गोष्ठी एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से बड़ी संख्या में कृषकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा कृषकों को विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। गोष्ठी में डॉ. शीष पाल पुनिया, डॉ. अजय पुंडीर, डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. दीपक सिंह एवं डॉ. अनुराग कुमार, गेहूं एवं मक्का अनुसंधान संस्थान द्वारा किसान मेले में आए कृषकों को लाइन सोइंग विधि से बुवाई करने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन से होने वाले लाभ एवं फसल अवशेष जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। डॉ. सत्येंद्र सिंह, कृषि वैज्ञानिक, एपीडा, वाराणसी द्वारा कार्यक्रम के दौरान कृषकों को बताया गया कि वे अपने कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में किस प्रकार बेच सकते हैं। इस विषय पर उन्होंने विस्तार से जानकारी दी। सुभाष मौर्य, उप कृषि निदेशक ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों एवं कृषकों का स्वागत करते हुए कहा कि किसान भाई जैविक खेती को अपनाएं तथा अपने खेतों में पराली न जलाएं, बल्कि फसल अवशेषों को खेत में सड़ाकर जैविक खाद के रूप में प्रयोग करें। गोष्ठी में मुख्य अतिथि डॉ. रवि प्रकाश मौर्य, पूर्व प्रोफेसर, आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या, सुभाष मौर्य, उप कृषि निदेशक, डॉ. शीष पाल पुनिया, डॉ. अजय पुंडीर, डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. दीपक सिंह एवं डॉ. अनुराग कुमार, गेहूं एवं मक्का अनुसंधान संस्थान, डॉ. सत्येंद्र सिंह, कृषि वैज्ञानिक, एपीडा, वाराणसी, डॉ. अंकुर शर्मा, डॉ. जय कुमार, डॉ. मान्धाता सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र, मल्हना के वैज्ञानिकों सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं कृषक उपस्थित रहे।