इं० दूधनाथ ने मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना का कार्यभार ग्रहण किया

इं० दूधनाथ ने मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना का कार्यभार ग्रहण किया ओबरा, 31 मई 2026 यूo पीo राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में निगम के वरिष्ठ अभियंता एवं मुख्य अभियंता (स्तर-1) इं० दूधनाथ ने दिनांक 31 मई 2026 को अपराह्न में मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना, ओबरा (सोनभद्र) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह दायित्व मुख्य महाप्रबंधक इं० राजेन्द्र कुमार अग्रवाल के सेवानिवृत्त होने के उपरांत संभाला है। आदेशानुसार उन्हें मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना का मूल कार्यभार तथा मुख्य अभियंता, ओबरा ‘ब’ ताप विद्युत गृह का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इं० दूधनाथ विद्युत उत्पादन क्षेत्र के एक अनुभवी, कर्मठ एवं तकनीकी रूप से दक्ष अभियंता हैं। उत्तर प्रदेश के जनपद बस्ती के निवासी इं० दूधनाथ का जन्म 13 जुलाई 1967 को हुआ। प्रारम्भिक शिक्षा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से प्राप्त करने के पश्चात उन्होंने वर्ष 1988 में जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज से विद्युत अभियंत्रण (Electrical Engineering) में स्नातक उपाधि प्रथम श्रेणी में प्राप्त की। उन्होंने वर्ष 2008 में भारत सरकार के ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) से एनर्जी ऑडिटर की योग्यता भी अर्जित की। इं० दूधनाथ ने 29 दिसम्बर 1989 को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद में सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) के रूप में अपनी सेवाओं का शुभारम्भ किया। अपने लगभग साढ़े तीन दशक के गौरवपूर्ण सेवाकाल में उन्होंने अनपरा एवं ओबरा तापीय परियोजनाओं में संचालन, अनुरक्षण, दक्षता संवर्धन तथा उत्पादन प्रबंधन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनकी व्यावसायिक यात्रा अनपरा तापीय परियोजना में सहायक अभियंता से प्रारम्भ होकर अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता, मुख्य अभियंता (स्तर-2) तथा मुख्य अभियंता (स्तर-1) जैसे उच्च पदों तक पहुँची है। वर्ष 2014 में अधीक्षण अभियंता के रूप में उनकी पदोन्नति हुई तथा उन्होंने ओबरा तापीय परियोजना में विभिन्न उत्पादन एवं अनुरक्षण इकाइयों का नेतृत्व किया। इसके उपरांत उन्होंने मुख्यालय, लखनऊ में मुख्य अभियंता (थर्मल ऑपरेशन) एवं आर एण्ड एम इकाई का अतिरिक्त दायित्व भी संभाला। वर्ष 2023 से 2026 तक उन्होंने अनपरा ‘ए’ तापीय परियोजना के मुख्य अभियंता के रूप में उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान कीं तथा आवश्यकता पड़ने पर अनपरा ‘बी’ एवं मुख्य महाप्रबंधक, अनपरा का अतिरिक्त कार्यभार भी सफलतापूर्वक निभाया। अपनी उत्कृष्ट कार्यक्षमता, तकनीकी नेतृत्व तथा संगठनात्मक दक्षता के कारण उन्हें 30 अप्रैल 2026 को मुख्य अभियंता (स्तर-1) पद पर पदोन्नत किया गया तथा ओबरा तापीय परियोजना में नियुक्त किया गया। मुख्य महाप्रबंधक के पद पर कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात इं० दूधनाथ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता परियोजना की सभी उत्पादन इकाइयों का सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आर्थिक संचालन सुनिश्चित करना, उत्पादन क्षमता में निरंतर सुधार लाना तथा निगम की ऊर्जा उत्पादन संबंधी अपेक्षाओं को पूर्ण करना होगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए परियोजना को नई उपलब्धियों तक पहुँचाने का आह्वान किया। ओबरा तापीय परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इं० दूधनाथ का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएँ दी हैं।