Bansgaon Sandesh
Login
Kailash Bihari
Sonbhadra१ मिनट से कम पहले

भारी बारिश के चलते खपरैल का कच्चा मकान भरभराकर गिरा,

भारी बारिश के चलते खपरैल का कच्चा मकान भरभराकर गिरा,

*ब्रेकिंग न्यूज़........।* *भारी बारिश के चलते खपरैल का कच्चा मकान भरभराकर गिरा, 8-9 लोग बाल-बाल बचे* खरहरा/अमिला, सोनभद्र। थाना जुगैल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत खरहरा के टोला अमिला में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते एक खपरैल का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय मकान के अंदर करीब 8 से 9 लोग मौजूद थे। मकान गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता के चलते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, मकान में शिवकरन पुत्र अभिलाख, संतोष पुत्र अभिलाख, दिया पत्नी शिवकरन तथा गीता पत्नी संतोष के साथ उनके परिवार के बच्चे नीरज, पार्वती, सीता, गुड़िया और आयुष मौजूद थे। अचानक कच्चा मकान गिरने से सभी लोग घबरा गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी लोग बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की मिट्टी की दीवारें और खपरैल कमजोर हो गई थीं। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर धराशायी हो गया। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मकान के अंदर मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मकान गिरने से गरीब परिवार को भारी नुकसान कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। घर में रखा सामान भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। हादसे के बाद प्रभावित परिवार के सामने बरसात के मौसम में सिर छिपाने की बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर राजस्व एवं संबंधित विभाग की टीम भेजकर क्षति का आकलन कराया जाए तथा पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और सुरक्षित आवास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में क्षेत्र के कई गरीब परिवार कच्चे और जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं। ऐसे में प्रशासन को ऐसे मकानों का सर्वे कराकर संभावित हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

0 likes
0 comments0 shares