*वीभी जी रामजी योजना से गांवो का होगा संपूर्ण विकास : मनोज सिंह*

बड़हलगंज। बडहलगंज केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना की शुरूआत एक जुलाई से प्रारंभ कर दी गयी है।अधिकारियो ने गांवो में कैम्प लगाकर इस योजना का प्रचार प्रसार शुरू कर दिया है। बड़हलगंज विकास खंड के सकराखोर, शनिचरापट्टी दूबे में वीभी जी रामजी प्रचार प्रसार एंव जन सम्मेलन गुरूवार को किया गया। लोगो को योजना के बारे में जानकारी देते हुए बड़हलगंज के खंड विकास अधिकारी मनोज सिंह ने कहा कि मनरेगा योजना की जगह विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (वीभी जी रामजी) एक जुलाई से प्रारंभ हो गया है। यह योजना श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण योजना है। श्रमिकों को 125 दिन का रोजगार, समय से मजदूरी भुगतान, मजदूरी विलंब होने व समय से काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता, श्रमिको के लिए तीन सौ रूपये प्रतिदिन मजदूरी का प्रावधान किया गया है। योजना में अनुमन्य कामो से गांवो का विकास तेजी से होगा ही, वहीं श्रमिकों के जीवन में भी खुशहाली आयेगी। बीडीओ ने कहा कि गोरखपुर के जिला अधिकारी दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी व उपायुक्त श्रम व रोजगार रघुनाथ सिंह के निर्देश के क्रम मे ब्लाक के सभी गांवो में प्रचार प्रसार जनसम्मेलन अभियान चला कर गांवो में योजना के बारे में जानकारी देते हुए लोगो को जागरूक किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत बैठ कर अपने कराये जाने वाले कार्यो का निर्धारण भी करेंगी। जिससे ग्रामीण विकास के साथ गांवो में स्थायी परिसम्पत्तियां का निर्माण भी तेजी से होगा। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मीरा गौतम ने कहा कि योजना कि शुरूआत होते ही गांवो में श्रमिकों को काम मिलना प्रारंभ हो गया है। उन्होंने योजना में किसी भी श्रमिक द्वारा काम मांगने पर काम देने की बात कही है। कार्यक्रम के दौरान युवा कल्याण प्रांतीय रक्षक दल विप्लव गुप्ता, ग्राम प्रशासक सुमित्रा देवी, ग्राम विकास अधिकारी दिलीप शुक्ला, कृष्णानंद शर्मा, जेई जयराम तिवारी, आशीष कुमार, प्रशासक प्रतिनिधि श्यामबदन यादव, संदीप कुमार आदि लोग मौजूद थे।