*सिकरीगंज में हुए पिकअप और बाइक की भीषण टक्कर में इलाज के

*सिकरीगंज में हुए पिकअप और बाइक की भीषण टक्कर में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम* संवाद सूत्र, सिकरीगंज। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बेलघाट मोड़ पर बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पिकअप और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार बेलघाट थाना क्षेत्र के ग्राम गुवारी निवासी 25 वर्षीय अर्जुन पुत्र रामाश्रय मुंबई से करीब तीन महीने बाद अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वह सिकरीगंज के रास्ते बाइक से घर जा रहे थे, तभी बेलघाट मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया। बाद में अर्जुन की स्थिति बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अर्जुन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के अनुसार अर्जुन परिवार के बड़े बेटे थे और मुंबई में मजदूरी कर पूरे घर का खर्च चलाते थे। उनकी शादी करीब तीन वर्ष पहले बरियारे गांव निवासी रंजू से हुई थी। उनकी दो वर्षीय बेटी अंबिका है, जबकि पत्नी आठ माह की गर्भवती बताई जा रही है। परिवार में छोटा भाई सुरेंद्र भी है, जो घर पर ही रहता है। घर लौटने की खुशी मातम में बदल जाने से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। गांव के लोग देर रात तक परिवार को ढांढस बंधाते रहे। वहीं हादसे में घायल प्रियांशु का इलाज अभी सदर अस्पताल में चल रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।