पिता की मौत के कुछ घंटे बाद सड़क हादसे में पुत्र गंभीर, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घघसरा/गोरखपुर। नगर पंचायत घघसरा के ग्राम डुमरी में शुक्रवार को एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सुबह पिता मूरत राज के निधन के बाद शाम को उनका 42 वर्षीय पुत्र अष्टभुजा राज सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह मूरत राज का निधन हो गया था। पिता के अंतिम संस्कार के कुछ घंटे बाद अष्टभुजा राज रोजमर्रा का सामान खरीदने घघसरा बाजार गए थे। बाजार से घर लौटते समय सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायल अष्टभुजा राज को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ठर्रापार पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया। एक ही दिन पिता की मौत और फिर पुत्र के सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।