लोकतंत्र अपनाओ–अराजकता हटाओ संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार कर देश में अराजकता उत्पन्न करने के प्रयासों का अभाविप ने किया विरोध

लोकतंत्र अपनाओ–अराजकता हटाओ संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार कर देश में अराजकता उत्पन्न करने के प्रयासों का अभाविप ने किया विरोध दुद्धी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शुक्रवार को भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में “लोकतंत्र अपनाओ–अराजकता हटाओ” के नारे के साथ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के माध्यम से अभाविप ने देश की संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं, विशेषकर निर्वाचन आयोग और न्यायालय की गरिमा को धूमिल करने, उन पर निराधार प्रश्नचिह्न खड़ा करने और उनके विरुद्ध अविश्वास फैलाने के प्रयासों की कड़ी निंदा की। अपने राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति करने हेतु हिंसा एवं अराजकता का सहारा लेना किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। प्रदर्शन में अभाविप कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और राष्ट्रीय एकता के पक्ष में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रदर्शन के दौरान अभाविप के सोनभद्र विभाग संयोजक अमन जायसवाल ने कहा कि "देश की संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता और चुनावी सुधार प्रक्रियाओं पर निराधार प्रश्नचिह्न उठाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के सर्वथा विपरीत है। तहसील संयोजक राधाकृष्ण सिंह ने कहा कि "चुनाव सुधार की पारदर्शी प्रक्रियाओं को विवादित बनाकर और निष्पक्ष संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करके देश में अराजकता का वातावरण बनाना अलोकतांत्रिक मानसिकता का परिचायक है। जनता के बीच भ्रम फैलाकर या संवैधानिक संस्थाओं पर प्रश्नचिह्न लगाकर लोकतंत्र को मजबूत नहीं किया जा सकता। यह प्रदर्शन राष्ट्रहित और संवैधानिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों की अडिग प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस दौरान विकाश चौधरी,अनामिका, संतोष कुमार,अशोक कुमार, रेशमी गुप्ता, आकाश कुमार, बबलू सिंह , मनोज सिंह, जयप्रकाश सोनकर,राहुल कन्नौजिया,आदि लोग मौजूद रहे।