बेलघाट। क्षेत्र में महिला सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य

बेलघाट। क्षेत्र में महिला सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना बेलघाट पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को इसी क्रम में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत एक भव्य महिला जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। यह रैली थाना बेलघाट परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार बेलघाट, विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए हनुमान मंदिर तक पहुंची। रैली में पुलिस टीम के साथ बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी, युवतियां एवं स्थानीय महिलाएं शामिल रहीं। पूरे मार्ग में जागरूकता संदेशों के जरिए महिलाओं और बच्चियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सचेत किया गया। रैली के दौरान महिलाओं और आमजन को विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एंबुलेंस सेवा), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 112 (आपातकालीन पुलिस सहायता), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए गए। पुलिस टीम द्वारा पंपलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने महिलाओं से निर्भीक होकर आगे आने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की। थाना प्रभारी बेलघाट के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य न केवल महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना है, बल्कि समाज में सुरक्षा और सम्मान का वातावरण भी स्थापित करना है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति के तहत ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। क्षेत्र में इस अभियान से जागरूकता और सुरक्षा दोनों ही स्तरों पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।