कैंपियरगंज हत्याकांड का खुलासा: मामी की हत्या कर जेवर लूटने वाली भांजी

कैंपियरगंज हत्याकांड का खुलासा: मामी की हत्या कर जेवर लूटने वाली भांजी गिरफ्तार तानों से नाराज होकर रची थी साजिश, जंगल में ले जाकर चाकू से गला काटकर की हत्या; एसपी नॉर्थ ने किया खुलासा गोरखपुर। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के जंगल बब्बन में मिली वृद्ध महिला की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका की भांजी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भांजी ने मामी द्वारा दिए जाने वाले तानों से नाराज होकर हत्या की साजिश रची और वारदात के बाद उसके जेवरात लेकर फरार हो गई थी। मामले का खुलासा एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया। एसपी नॉर्थ ने बताया कि 21 जून 2026 को कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के जंगल बब्बन के पास सड़क से करीब 150 से 200 मीटर अंदर एक करीब 60 वर्षीय महिला का शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की पड़ताल तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस और एसओजी की मदद से संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। इसी क्रम में राधिका पासवान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका उसकी मामी थी और वह अक्सर उसे ताने देती थी। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की योजना बनाई। 20 जून को उसने अपनी मामी को बेटी की शादी की बात करने के बहाने रामपुर बुलाया और वहां से अपने साथ कैंपियरगंज ले जाने लगी। रास्ते में जंगल के पास शौच का बहाना बनाकर दोनों नीचे उतर गईं। पुलिस के मुताबिक जंगल में पहुंचने के बाद आरोपी ने मामी पर हमला करने का प्रयास किया। विरोध के दौरान संघर्ष हुआ और बाद में उसने चाकू से गले पर वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने मृतका के शरीर से जेवरात उतारे और मौके से फरार हो गई। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू, चांदी की पायल, अंगूठियां, सोने के टप्स, किल, ओम लॉकेट, टूटी हुई सोने की चेन और मोबाइल बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह, एसओजी/स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और कैंपियरगंज थाना पुलिस की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।