BREAKING: उन्नाव में बच्चों से भरी स्कूल बस में लगी आग, बड़ा

BREAKING: उन्नाव में बच्चों से भरी स्कूल बस में लगी आग, बड़ा हादसा टला लखनऊ टूर से लौट रहे थे 60 बच्चे, कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी, सभी सुरक्षित उन्नाव। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गदनखेड़ा बाईपास के पास बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस में अचानक आग लग गई। बस में कानपुर के कल्याणपुर स्थित गुरु नानक मॉडर्न स्कूल के 60 बच्चे और 3 शिक्षक सवार थे। जानकारी के अनुसार, बस सभी बच्चों को अनंदी वाटर पार्क, लखनऊ से घुमाकर वापस कानपुर ले जा रही थी। शाम करीब 7 बजे अज्ञात कारणों से बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, सभी बच्चे सुरक्षित हैं। सूचना पर दमकल की टीम भी पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर आवागमन सुचारू कराया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।