बड़हलगंज में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति के नारों से गुंजायमान हुआ कस्बा

बड़हलगंज (गोरखपुर)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा बड़हलगंज मंडल के तत्वावधान में बुधवार को कस्बे में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति गीतों और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के बीच निकली यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाओं, पुरुषों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों का जनसैलाब कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरा। यात्रा का शुभारंभ नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इसके बाद चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने यात्रा का नेतृत्व किया। रास्ते में पड़ने वाली विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर विधायक ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रभक्ति गीतों से पूरा कस्बा देशप्रेम के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा का औपचारिक समापन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की अखंडता, संप्रभुता और अमर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महाअनुष्ठान है। हजारों लोगों का हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरना प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति समर्पण और गौरव की भावना को मजबूत करता है। वरिष्ठ भाजपा नेता मायाशंकर शुक्ला ने कहा कि हमारे महापुरुषों ने जिस समृद्ध और सशक्त भारत का सपना देखा था, उसे पूरा करना हम सभी का दायित्व है। बड़हलगंज की जनता ने जिस उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा को सफल बनाया, वह क्षेत्र में गहरी राष्ट्रभक्ति का परिचायक है। कार्यक्रम में चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर, राजीव पांडेय, आलोक त्रिपाठी, मानस मणि त्रिपाठी, श्रीकांत सोनी, अखंड नारायण शाही, कमलेश पटेल, राजकुमार निगम, मानस त्रिपाठी, शिवांश त्रिपाठी, विनय तिवारी, सतीश शुक्ला, अनूप जायसवाल, सभासद सुनील यादव, दीपक शर्मा, दीपक गोंड, अमूल्य चतुर्वेदी, संजय सोनकर, अधिशासी अधिकारी रामसामुख, सुनील कुमार सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस बल ने विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर यातायात को सुचारू बनाए रखा। अंत में भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गेश नारायण मिश्र ने यात्रा में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।