चोरी से काटी गई सागौन की लकड़ी, पुलिस जांच में जुटी, बांसगांव संदेश। खजनी थाना क्षेत्र के राउत डाड़ी के समीप स्थित

खजनी, बांसगांव संदेश। खजनी थाना क्षेत्र के राउत डाड़ी के समीप स्थित गाजर वंशमन गांव में एक किसान के खेत से 50 वर्ष पुराने तीन सागौन के पेड़ चोरी कर लिए गए। रात के अंधेरे में अज्ञात चोर खेत में घुसे और सुनियोजित तरीके से कीमती पेड़ों को काटकर लकड़ी उठा ले गए। चोरी हुई लकड़ी की कीमत लगभग 60 से 70 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना से क्षेत्र के किसानों में चिंता व्याप्त है। गाजर वंशमन गांव निवासी हेमंत कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उनके खेत के दक्षिण दिशा में सागौन के कई पेड़ लगे थे। सुबह खेत पर पहुंचने पर कटे हुए ठूंठ और लकड़ी घसीटने के निशान मिले। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी पेड़ काटे जाने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात में गश्त न होने से चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। सूचना पर पुलिस को अवगत कराया गया। थाना अध्यक्ष जयंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।