ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों पर मतदाताओं को दी गई मतदान प्रक्रिया की जानकारी

ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों पर मतदाताओं को दी गई मतदान प्रक्रिया की जानकारी विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर जिले की सभी तहसीलों में चलाया गया मतदाता जागरूकता अभियान गाजीपुर, 20 नवंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन की ओर से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जनपद मुख्यालय सहित जिले की सभी छह तहसीलों में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों के माध्यम से आमजन एवं मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।जनपद मुख्यालय के साथ तहसील गाजीपुर, सैदपुर, कासिमाबाद, मुहम्मदाबाद, जखनियां एवं जमानियां में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों पर नागरिकों और मतदाताओं को ईवीएम के संचालन तथा मतदान की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इस दौरान प्रदर्शन के माध्यम से मतदाताओं को मशीन के उपयोग की जानकारी दी गई और उनकी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान भी किया गया।जिला प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदाताओं को जागरूक करना तथा मतदान प्रक्रिया के प्रति उनकी समझ विकसित करना है। साथ ही स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करना भी अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं से निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने की अपील की जा रही है।