बेलघाट थाने में अनुशासन पर जोर, थाना प्रभारी विकास नाथ के नेतृत्व

बेलघाट थाने में अनुशासन पर जोर, थाना प्रभारी विकास नाथ के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने की परेड बेलघाट। जिले के उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार बेलघाट थाना परिसर में शुक्रवार को पुलिस बल की अनुशासनात्मक परेड का आयोजन किया गया। इस परेड का नेतृत्व थाना प्रभारी विकास नाथ ने किया। परेड में थाना क्षेत्र में तैनात समस्त पुलिसकर्मियों ने भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और पुलिस बल की एकजुटता तथा अनुशासन का प्रदर्शन किया। परेड के दौरान उप निरीक्षक, कांस्टेबल, महिला कांस्टेबल दीवान, मुंशी सहित थाने के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। थाना परिसर में आयोजित इस परेड का उद्देश्य पुलिस बल को शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाए रखना, कार्य के प्रति सजगता बढ़ाना तथा विभागीय अनुशासन को और मजबूत करना रहा। थाना प्रभारी विकास नाथ ने परेड का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयपालन और जनता के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता को सुरक्षा का भरोसा देना और कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखना है। इसके लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ पालन करना चाहिए। परेड के बाद थाना प्रभारी ने उपस्थित पुलिसकर्मियों के साथ बैठक भी की, जिसमें क्षेत्र की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इस दौरान थाना प्रभारी ने साफ-सफाई, वर्दी की सुसज्जता तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का व्यवहार और कार्यशैली ही विभाग की छवि को मजबूत बनाती है, इसलिए सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ करना चाहिए। परेड के समापन पर सभी पुलिसकर्मियों ने बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।