*जर्जर पानी टंकी बनी हादसे का कारण, बदहाली और गंदगी से ग्रामीण

*जर्जर पानी टंकी बनी हादसे का कारण, बदहाली और गंदगी से ग्रामीण परेशान* सिकरीगंज महदेवा बाजार। क्षेत्र से सटे भदार खास गांव में स्थित सरकारी पानी की टंकी इन दिनों बदहाली का शिकार बनी हुई है। वर्षों पुरानी यह टंकी अब जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है। टंकी से लगातार हो रहे पानी के रिसाव के कारण लोहे की पाइपों और ढांचे में जंग लग गई है, जिससे इसकी मजबूती लगातार कमजोर होती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार टंकी से लगातार पानी टपकने के कारण उसके नीचे जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी रहती है। परिसर में साफ-सफाई के अभाव में घास-फूस, झाड़ियां और कूड़े का अंबार लगा हुआ है। इससे आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है। वहीं पानी टंकी का मुख्य गेट टूट जाने से परिसर पूरी तरह असुरक्षित हो गया है, जिससे कोई भी व्यक्ति या पशु आसानी से अंदर प्रवेश कर सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी टंकी गांव की पेयजल व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन इसकी देखरेख के अभाव में यह अब लोगों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित विभाग को समस्या की जानकारी देने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं कराया गया। स्थानीय ऑपरेटर शेषनाथ ने बताया कि टंकी से हो रहे रिसाव और अन्य खराबियों की सूचना कई बार उच्च अधिकारियों को दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से मोटर भी खराब पड़ी हुई है, जिसके चलते पानी सप्लाई प्रभावित हो रही है। फिलहाल मोटर की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। इस संबंध में जेई दीपक कुमार ने बताया कि मामला लगभग दो महीने पहले उनके संज्ञान में आया था। उन्होंने कहा कि टंकी में हो रहे रिसाव की मरम्मत के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आगामी 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि गांव की पेयजल व्यवस्था सुचारु बनी रहे और संभावित हादसे को टाला जा सके।