लखनऊ में अवैध हेरोइन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 तस्कर गिरफ्तार; 7 किलो

लखनऊ में अवैध हेरोइन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 तस्कर गिरफ्तार; 7 किलो से ज्यादा ड्रग्स बरामद *लखनऊ।* दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में छापेमारी कर एक अवैध हेरोइन बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया है और अंतरराज्यीय ड्रग्स रैकेट से जुड़े चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से 6.275 किलो ताजा हेरोइन बरामद दिल्ली पुलिस को इनपुट मिला था कि जानकीपुरम स्थित एक ठिकाने पर अवैध रूप से हेरोइन तैयार की जा रही है। इनपुट के आधार पर पुलिस ने वहां रेड मारी। तलाशी के दौरान मौके से *6.275 किलोग्राम ताजा निर्मित हेरोइन* बरामद की गई। पुलिस ने मौके से मुख्य तस्कर बबलू को रंगे हाथों धर दबोचा। तस्कर की निशानदेही पर बरेली से सहयोगी गिरफ्तार गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने बबलू से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने गिरोह के अन्य नेटवर्क का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरेली से उसके साथी रुखसार को भी गिरफ्तार कर लिया। करोड़ों की हेरोइन जब्त, दिल्ली-NCR में भी छापेमारी लखनऊ में मिली सफलता के बाद पुलिस की टीमों ने दिल्ली-NCR के कई ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की। पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल मिलाकर *7 किलोग्राम से अधिक हेरोइन* बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस पूरे मामले में अब तक कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।