बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत

देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला पूजा के लिए फूल तोड़कर घर लौट रही थी, तभी सड़क किनारे नीचे लटक रहा एलटी बिजली का तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा। करंट लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान संडा के परसिया मजरे की निवासी मैना देवी पत्नी मोती यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर तार काफी समय से नीचे लटक रहा था और इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गई हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।