रामजानकी मार्ग पर गिट्टी-मोरंग से हादसे का खतरा, बांहपुर के पास पलटी कार

मदरिया/गोला। गोला से बड़हलगंज जाने वाले रामजानकी मार्ग पर बांहपुर गांव के पास सड़क पर गिट्टी-मोरंग की लोडिंग-अनलोडिंग राहगीरों के लिए खतरा बनी हुई है। आरोप है कि एक ठेकेदार द्वारा लंबे समय से सड़क पर ही गिट्टी-मोरंग उतारी जा रही है, जिससे लगभग आधा लेन अतिक्रमण की चपेट में है। बीते शनिवार को गोला उपनगर के वार्ड नंबर 15 का एक व्यापारी बड़हलगंज से खरीदारी कर कार से लौट रहा था। बांहपुर के पास सड़क पर बिखरी गिट्टी पर चढ़ने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे व्यापारी को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर गिट्टी-मोरंग फैले होने से दोपहिया वाहन चालक भी फिसलकर गिरते रहते हैं और आवागमन प्रभावित होता है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर गिट्टी-मोरंग उतारने पर रोक लगाने, संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की है।