4 हजार तोतों को शिकारियों के चंगुल से कराया मुक्त, वन दरोगा
4 हजार तोतों को शिकारियों के चंगुल से कराया मुक्त, वन दरोगा विजय कुमार शुक्ल सम्मानित सहजनवा, (गोरखपुर)। वन्यजीव संरक्षण एवं वन अपराधों की रोकथाम के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले वन दरोगा विजय कुमार शुक्ल को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वन विभाग के उच्चाधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके द्वारा वन्यजीव तस्करी के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई की विभागीय अधिकारियों ने सराहना की। विजय कुमार शुक्ल पुत्र स्व. रामनारायण शुक्ल जो कि सहबाजगंज, थाना सहजनवा, जनपद गोरखपुर के निवासी हैं। वर्तमान में वह तिलकोनिया रेंज के अंतर्गत रजही सेक्शन प्रभारी के पद पर तैनात हैं। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए विजय कुमार शुक्ल की टीम अब तक लगभग 4,000 तोतों को शिकारियों के चंगुल से मुक्त करा चुकी है। इसके अलावा कछुआ तस्करी के मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए तस्करों को पकड़कर जेल भेजा गया। वन्यजीवों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराने के बाद उन्हें नियमानुसार प्राकृतिक वातावरण में पुनर्वासित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है। इसके साथ ही कुसम्ही वन क्षेत्र में विरासत वाटिका, पौधरोपण एवं नगर वन की स्थापना जैसे कार्यों में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध कटान के विरुद्ध लगातार कार्रवाई से वन अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगा है। वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए मुख्य वन संरक्षक डॉ. बोनिक चन्द्र ब्रह्मा, डीएफओ गोरखपुर शुभम सिंह एवं एसडीओ गोरखपुर विनीत सिंह द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर विभागीय अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने विजय कुमार शुक्ल को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।