काशी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कांग्रेस पर हमला,

काशी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कांग्रेस पर हमला, बोले - शहजादे विरासत से आए, मोदी जनादेश से PM बने *वाराणसी, 8 अक्टूबर।* भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को काशी में अपनी पहली जनसभा में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी के 25 साल के कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शहजादे राजपरिवार की विरासत के सहारे राजनीति में पहुंचे हैं, जबकि नरेंद्र मोदी को भाजपा ने प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया और देश की जनता ने चुनकर उन्हें दिल्ली पहुंचाया। *दिल्ली प्रदर्शन पर साधा निशाना -* नितिन नवीन ने दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन को अराजकतावादी मानसिकता करार दिया। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर दिल्ली में अराजकता फैलाई जा रही है। यह देश को अराजकता के दौर में ले जाने की साजिश है। उन्होंने कहा कि जब घुसपैठियों का नाम कटता है तो कांग्रेस लोकतंत्र पर सवाल उठाती है। घुसपैठियों को हक दिलाने की कोशिश भाजपा कभी सफल नहीं होने देगी। जो लोगों का हक छीनते हैं, उन्हीं की चिंता कांग्रेस को रहती है। इसका करारा जवाब भारत की जनता देगी। *कार्यक्रम में कौन-कौन रहा मौजूद -* प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित इस जनसभा में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी मौजूद रहे। जनसभा से पहले वडनगर (गुजरात) से वाराणसी आई बाइक रैली के सदस्यों का स्वागत किया गया। इसके बाद गुजरात की 10 नदियों से लाए गए जल से काशी विश्वनाथ का अभिषेक भी किया गया। *सांस्कृतिक विरासत और विकास UP की नई पहचान - सीएम योगी* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है। माफिया मिट्टी में मिल गए हैं। सांस्कृतिक, आध्यात्मिक विरासत और विकास प्रदेश की नई पहचान बनी है। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम मंदिर और मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर विरासत के उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात की धरती पर एक करिश्माई नेतृत्व का आगमन हुआ था। उस समय भुज के भूकंप से गुजरात त्रस्त था, लेकिन मोदी के नेतृत्व में गुजरात मॉडल स्टेट बना। 25 साल पहले जो यात्रा शुरू हुई, उसका अनुभव आज पूरा भारत ले रहा है। *राहुल गांधी पर हिमंत बिस्वा सरमा का हमला -* असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा - "राहुल गांधी, तुम सुन लो! जब तक भारत में सनातन की शक्ति है, तुम नरेंद्र मोदी का बाल भी बांका नहीं कर सकते।" उन्होंने कहा कि जो लोग सोचते हैं कि 10-20 हजार लोगों को इकट्ठा करके मोदी को रोका जा सकता है, वे गलत हैं। करोड़ों माताओं, युवाओं की शक्ति और सनातन भारत का आशीर्वाद मोदी के साथ है। सरमा ने कहा कि एक समय असम में हर दिन बम विस्फोट होते थे, आज वहां सेमीकंडक्टर बन रहे हैं। कभी संसद पर हमला होता था, आज भारत पाकिस्तान में घुसकर जवाब देता है। कभी लोग राम मंदिर की कल्पना भी नहीं करते थे, आज मोदी के नेतृत्व में मंदिर का निर्माण हुआ है।